गिरिडीह |नगरनिगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शुक्रवार को प्रेस रिलीज जारी कर भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि नगरनिगम जनता के भरोसे पर खरा नहीं उतर रहा है, इसलिए इसे पुनः नगरपालिका में बदल देना चाहिए। उनका आरोप है कि नगर विकास मंत्री इसी विधानसभा से होने के बावजूद शहर में बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाव है। सिन्हा ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से नगर निगम अफसरों के भरोसे चला, लेकिन इस दौरान कोई ऐसा उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ जिसे सार्वजनिक किया जा सके। सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सेवाएं अधूरी रहती हैं। सफाई कर्मियों और पेयजल कर्मियों को न तो पर्याप्त संसाधन मिलते हैं, न ही समय पर मानदेय। करोड़ों रूपए की मशीनें जंग खा रही है। टेंडरधारियों पर भी नियंत्रण की नीति कमजोर है, क्योंकि कई ठेकेदार राजनीतिक दलों या अधिकारियों से जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि नगर के अधिकांश मोहल्लों में नालियों की स्थिति बदहाल है।


