भास्कर न्यूज| चक्रधरपुर चक्रधरपुर रेलवे क्षेत्र में दंपती की ठंड से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पहले बीमार पत्नी की मौत गुरुवार को अनुमंडल अस्पताल में हो गई। उसके बाद शुक्रवार को पति की भी मौत रात में सोते हुए हो गई है। सूचना के बाद दोनों का अंतिम संस्कार स्थानीय निवर्तमान वार्ड पार्षद सोमनाथ रजक द्वारा कराया गया। झारखंड में तेजी से ठंड बढ़ रही है। चक्रधरपुर में दो लोगों के कथित रुप से ठंड से मौत होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार पंच मोड़ के पास प्लास्टिक टांग कर रह रहे दंपती की मौत हुई है। स्थानीय निवर्तमान वार्ड पार्षद सोमनाथ रजक ने बताया कि दोनों खानाबदोश की जिंदगी जी रहे थे। चक्रधरपुर के पांच मोड़ में प्लास्टिक टांग कर रहते थे। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि चक्रधरपुर इलाके में भिक्षाटन कर गुजारा कर रहे थे। ठंड की वजह से तबीयत खराब होने की सूचना पर उन्होंने महिला को चक्रधरपुर के अनुमंडल अस्पताल में भर्ती करवाया था। लेकिन इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने महिला का अंतिम संस्कार भी करवाया था। लेकिन दूसरे ही दिन उसके पति की भी मौत हो गई। उसके भी अंतिम संस्कार का बीड़ा उठाया। आरपीएफ-जीआरपी की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर कांग्रेस नेता शेखावत हुसैन, रकीब खान, सन्नी खान, सानपति और सान बाबू मौजूद थे। चाईबासा| पंडराशाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत जानुमबेड़ा के पास गुरुवार की शाम करीब 6.15 बजे स्कूटी से गिरकर दो लोग घायल हो गए। जिसमें स्कूटी के पीछे सवार सुखलाल केराई की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। वहीं स्कूटी चालक को मामूली चोट लगी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में करने के बाद शुक्रवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के हवाले किया। बताया गया कि चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इटिहासा रमाय साई निवासी 42 वर्षीय सुखलाल केराई बादेया गांव में रहकर खरसावां के रेलवे ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता था। गुरुवार की शाम व स्कूटी पर अपने एक साथी के साथ निकला था। शाम को जनुमबेड़ा के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रात्रि में आठ बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया था। लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज आरंभ होने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। वहीं स्कूटी चालक को सिर में मामूली चोट लगी थी, जिनका प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। राजनगर| राजनगर थाना क्षेत्र के टांगरानी गांव में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे नहाने के दौरान 51 वर्षीय सोमाय मार्डी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सोमाय मार्डी तालाब में नहा रहे थे, इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में डूब गए। कुछ देर बाद एक अन्य ग्रामीण नहाने के लिए तालाब पहुंचा तो उसने सोमाय मार्डी को पानी से बाहर निकाला। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। परंतु इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई।


