नोवामुंडी में आयरन ओर का हो रहा अवैध खनन : गागराई

भास्कर न्यूज| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर, नोवामुंडी इलाके में आयरन ओर का अवैध खनन खुलेआम हो रहा है। इसका खुलासा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने किया है। मंत्री ने शुक्रवार को जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के जामदा, जामदा बस्ती, नोवामुंडी के ठांकुरा, कांडे नाला और बालजुड़ी सहित कई इलाकों का दौरा किया। उनका कहना है कि लगातार कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से शिकायतें मिल रही थीं कि इलाके में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है। इसी जानकारी की पुष्टि के लिए उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। दौरे के बाद पूर्व मंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध खनन बिना प्रशासनिक संरक्षण के संभव नहीं है। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस, वन विभाग और खनन विभाग के कुछ अधिकारी खनन माफियाओं के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां सरकार यह दावा करती है कि करीब 40 माइंस बंद हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं क्षेत्रों में रात-दिन अवैध खनन चलता है। यह एक बहुत बड़ा विरोधाभास है। गागराई ने कहा कि अवैध खनन के कारण स्थानीय लोगों के रोजगार पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि खदानें बंद होने के नाम पर मजदूरों को बेरोजगार कर दिया गया, लेकिन दूसरी ओर अवैध खनन के जरिए माफिया लाभ कमा रहे हैं। इससे परेशान ग्रामीण पलायन के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यदि तत्काल अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो वे इस मामले को केंद्र सरकार तक पहुंचाएंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर अवैध खनन पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *