भास्कर न्यूज| चाईबासा चाईबासा-जमशेदपुर मार्ग पर बाइपास रोड में शुक्रवार शाम को अनियंत्रित बाइक से गिरकर नशे में धुत सोनुवा के घायल युवक को जब मुफ्फसिल पुलिस ने एंबुलेंस पर सदर अस्पताल भेजवाया तो सदर अस्पताल में एंबुलेंस पहुंचने के बाद आधे घंटे तक नशे में चूर युवक ने 108 सरकारी एंबुलेंस को हाइजैक कर रखा। वह बाइक नहीं लाए जाने तक एंबुलेंस से नहीं उतरने की जिद पर अड़ा रहा। अस्पताल के गार्ड एवं एंबुलेंस चालक आधे घंटे तक परेशान रहे। जिससे परेशान होकर एंबुलेंस चालक एवं गार्ड ने थाना पुलिस को बुलाया। थाना पुलिस के आने के बाद भी युवक हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगा। घटना स्थल से बाइक लाने की जिद पर अड़ा हुआ था। जिससे तंग आकर पुलिस ने उसे खींच कर एंबुलेंस के नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने घायल का इलाज कराया। जब पुलिस गई तो अस्पताल के गार्ड के साथ उलझ गया। जब युवक बेकाबू होने लगा तो फिर पुलिस आई और उसे जीप में बैठा कर थाना ले गई। युवक ने अपना नाम राजू मांझी उम्र 21 वर्ष, गांव नीलय गोट सोनुवा बताया।


