भास्कर न्यूज| चाईबासा सरकार आपके द्वार शिविर से वंचितों को उनका हक मिल रहा है। उक्त बातें तांतनगर प्रखंड की कोकचो पंचायत में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार शिविर को संबोधित करते हुए मझगांव विधानसभा के विधायक निरल पूर्ति ने कही। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को उनका हक अधिकार द्वार पर मिले। इसी को लेकर आपकी योजना-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिससे वंचित वर्गों को सरकार की योजना का शतप्रतिशत लाभ मिल सके। इस शिविर के माध्यम से सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी योजना का लाभ उचित लाभुक तक झारखंड सरकार पहुंच रही है। यह विकसित झारखंड की एक तस्वीर है। जिनका नेतृत्व युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे हैं। सर्वजन पेंशन योजना के तहत सभी योग्यताधारी वृद्धों को पेंशन से जोड़ दिया गया है। अगर कोई बचा है तो प्रशासनिक पदाधिकारी उन्हें चिह्नित कर पेंशन योजना का लाभ देने का काम कर रहे हैं। शिविर में सैकड़ों आवेदन का ऑन द स्पॉट समाधान संबंधित पदाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। जिससे जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही तय की जा रही है। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधि, मानकी मुंडा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद थे।


