अमृतसर| बीएसएफ ने पंजाब सीमा पर सर्च और इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशनों में 2 ड्रोन, हेरोइन के 2 पैकेट और हथियारों के पुर्जे बरामद किए हैं। बीएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार, पहली कार्रवाई तरनतारन जिले के मखियां वाला गांव के पास हुई। खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने एक खेत से डीजेआई मैविक 3 क्लासिक ड्रोन और लगभग 520 ग्राम संदिग्ध हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया। दूसरी सफलता फाजिल्का जिले के ओल्ड गट्टी गांव में मिली। बीएसएफ इंटेलिजेंस विंग की सटीक सूचना पर जवानों ने एक और डीजेआई मैविक 3 क्लासिक ड्रोन और साढ़े 500 ग्राम वजनी हेरोइन का पैकेट बरामद किया। इसके अलावा, बीएसएफ जवानों ने अमृतसर सीमा पर चलाए गए एक अन्य तलाशी अभियान में एक खेत से पिस्तौल के पुर्जे और एक मैगजीन जब्त की है।


