भास्कर न्यूज | जामताड़ा सेवा का अधिकार सप्ताह के अंतिम दिन जिले के शिविरों में मंइया सम्मान योजना के पोर्टल ने महिलाओं की परेशानी बढ़ा दी। बड़ी संख्या में महिलाएँ आवेदन लेकर शिविरों में पहुँचीं। लेकिन पोर्टल नहीं खुलने की वजह से वे अपना आवेदन जमा नहीं कर सकीं। इससे महिलाओं में निराशा देखी गई। क्योंकि वे सुबह से लाइन में लगी थीं, और आवेदन जमा करने की उम्मीद लेकर आई थीं। जिले में 21 नवंबर से 28 नवंबर तक सभी प्रखंडों के पंचायतों और नगर पंचायतों के वार्डों में सेवा अधिकार सप्ताह के तहत शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में हजारों लोगों ने पहुँचकर अपने महीनों से लंबित कार्य ऑन-द-स्पॉट पूरे कराए। प्रशासन ने लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर राशन कार्ड सुधार, पेंशन योजना, आय-जाति प्रमाण पत्र समेत कई सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। जिससे लोगों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं हुई। अधिकारियों के अनुसार, केवल मंइया सम्मान योजना के ही 22,000 से अधिक आवेदन इस सप्ताह के दौरान प्राप्त हुए हैं। सबसे अधिक भीड़ राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं, पेंशन योजना तथा मंइया सम्मान योजना के लिए देखी गई। तकनीकी समस्या के बावजूद महिलाओं में योजना को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। प्रशासन का कहना है कि पोर्टल की समस्या जल्द ही दूर की जाएगी और सभी योग्य लाभुकों के आवेदन समय पर स्वीकार किए जाएंगे।


