भास्कर न्यूज | जामताड़ा राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सीएम उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय में टीबी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को क्षय रोग (टीबी) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने टीबी कैसे फैलती है। इससे बचाव के उपाय क्या हैं तथा सरकार टीबी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्राओं के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें सरस्वती कुमारी प्रथम, तरन्नुम परवीन द्वितीय तथा पल्लवी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेश कुमार स्वर्णकार ने तीनों विजेता छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को टीबी मुक्त जामताड़ा बनाने में अपनी भूमिका और योगदान के बारे में भी प्रेरित किया। इस अवसर पर यक्ष्माकर्मी आशीष कुमार चौबे, संजीत कुमार पाल और तरुण कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को टीबी मुक्त जामताड़ा बनाने की शपथ भी दिलाई गई।


