गुमला|जिले भर के कई थानों में एक साथ वाहन जांच अभियान चलाया गया। स्कूली वाहनों में ओवरलोडिंग और छत पर सवारी बैठाने के मामले में भी सख्त कार्रवाई की गई। डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में डीटीओ टीम और पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई ने नियम तोड़ने वाले चालकों में हड़कंप मचा दिया। सुबह से ही थाना परिसरों और मुख्य चौराहों पर पुलिस की तैनाती देख वाहन चालकों के पास कोई बहाना नहीं चल पाया। इस व्यापक जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 150 से अधिक वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई, जिससे जिला प्रशासन ने कुल 2 लाख 32 हजार का रिकॉर्ड जुर्माना वसूला। अभियान के दौरान प्रशासन ने स्कूली वाहनों पर विशेष सख्ती दिखाई। राजश्री स्कूल और शैल पुत्री स्कूल के प्रधानाध्यापकों को वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने के मामले में जुर्माना लगाया गया। इसी कड़ी में संत मैरी स्कूल बसिया की बस पर भी नियमों के उल्लंघन के कारण चालान काटा गया। जूली नामक बस पर यात्रियों को बस की छत पर बैठाकर यात्रा कराने के कारण जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह से सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


