बगोदर | बगोदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बगोदर को कुल छह नए कक्षों की मंजूरी मिली है। इसमें से चार कक्ष जिला योजना अनाबद्ध निधि से 18 सितंबर 2025 को उपायुक्त, गिरिडीह की पहल पर स्वीकृत हुए, जबकि दो कक्ष सांसद मद से मंजूरी पाए हैं। विद्यालय में वर्तमान में लगभग 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कक्षाओं की कमी के कारण बच्चों को बरामदे में पढ़ाई करनी पड़ती थी, जिससे बारिश और धूप के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीण अतिरिक्त कक्षों की मांग कर रहे थे। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जिप सदस्य दुर्गेश कुमार ने उपायुक्त, गिरिडीह से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। इसके परिणामस्वरूप जिला योजना अनाबद्ध निधि से चार कक्षों का स्वीकृति पत्र जारी किया गया है।


