ग्वालियर में S-3 (सम्यक समाज संघ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाखन सिंह बौद्ध पर गुरुवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। लाखन शादी समारोह से लौट रहे थे, इस बीच उनकी कार के सामने अचानक दो बाइक पर सवार चार युवक आ गए। उन्होंने कार रोकने का इशारा किया और लाखन को बाहर खींचने का प्रयास किया। लाखन ने तुरंत गेट लॉक किया और कार तेजी से आगे बढ़ा दी, जिस पर बदमाशों ने पीछे से पथराव कर दिया। पत्थर लगने से कार का पिछला कांच टूट गया। हमले के बाद बदमाश बाइक दौड़ाते हुए करीब आधा किलोमीटर तक लाखन का पीछा करते रहे। घटना गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात लगभग 1:40 बजे सुरेश नगर सरकारी मल्टी के पास हुई। इसके बाद लाखन थाटीपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। संगठन की महिला पदाधिकारी भी थी साथ लाखन सिंह (42) मुरार स्थित मुगलपुरा में इंटरनेशनल बुद्ध विहार के रहने वाले है। वह सम्यक समाज संघ (S-3) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। गुरुवार को मीटिंग में शामिल होने के बाद वे अपनी स्विफ्ट डिजायर (MP07 CJ-0116) से थाटीपुर सुरेश नगर स्थित अंबेडकर मांगलिक भवन पहुंचे थे। विवाह समारोह में कुछ समय रुकने के बाद रात में घर लौट रहे थे। उनके साथ S-3 की प्रदेश सुरक्षा अधिकारी दीपिका बौद्ध भी थीं। लाखन का कहना है कि उनकी जान को भी खतरा था। बदमाश बोले- बहुत नेतागिरी करता है हमला होने पर लाखन के कार दौड़ाते ही बदमाश भी बाइक से पीछे लग गए। वे करीब आधा किलोमीटर तक पीछा करते हुए मेला ग्राउंड तक पहुंचे। आगे पुलिस प्वाइंट होने के कारण वे फरार हो गए। लाखन ने तत्काल थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। लाखन सिंह ने बताया कि बदमाश लगातार गालियां दे रहे थे और उन्हें कार से खींचने की कोशिश कर रहे थे। वे कह रहे थे- यह बहुत नेतागिरी करता है, आज इसे सबक सिखाना है। लाखन का कहना है कि कुछ समय से उन्हें टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शाम तक पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं करती, तो समर्थकों में आक्रोश बढ़ सकता है। 2018 के जातिगत उपद्रव में आया था संगठन का नाम सम्यक समाज संघ (S-3) 2 अप्रैल 2018 को ग्वालियर में हुए जातिगत उपद्रव के बाद सुर्खियों में आया था। उस समय लाखन सिंह बौद्ध पर उपद्रव भड़काने के आरोप में FIR दर्ज हुई थी। कई वीडियो भी वायरल हुए थे। बाद में मामले वापस ले लिए गए। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस थाटीपुर थाना पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है। एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने कहा, देर रात घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।


