नियुक्ति पत्र वितरण:चार साल में शेष 1.60 लाख रिक्तियों को भी भरेगी हेमंत 2.0 सरकार : राधाकृष्ण

वित्त मंत्री ने गिनाईं उपलिब्धयां, बोले- धरातल पर दिख रहा सरकार का काम
हेमंत 2.0 सरकार के कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को 8792 अभ्यार्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य में सृजित पद के एवज में अब केवल 1.60 लाख रिक्तियां बच गई हैं। जिसे हमारी सरकार अगले चार साल में पूरी कर लेगी। उन्होंने कहा कि जो काम राज्य गठन के बाद होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। जबकि, हमारी सरकार के द्वारा सामाजिक सुरक्षा को लेकर जितनी भी योजनाएं चलायी गईं, उसका असर दिखना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि एक वित्त मंत्री की हैसियत से पूरे जवाबदेही के साथ बताना चाहता हूं कि छह साल पहले प्रति व्यक्ति आय जहां 85 हजार रुपए थी, अब बढ़कर 1.05 लाख रुपए हो गई है। सरकार का काम धरातल पर दिख रहा है। सर्वजन पेंशन, मंईयां योजना सहित महिलाओं एवं युवाओं के लिए चलाई गई विभिन्न प्रकार की योजनाओं से क्रय शक्ति बढ़ी है। 50 लाख महिलाएं मंईयां सम्मान योजना की लाभुक हैं, जिसके कारण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। सिर्फ इस योजना पर हमारी सरकार 15 हजार 300 करोड़ रुपए सालाना खर्च कर रही है। हर क्षेत्र और विभाग में बेहतर काम हो रहे हैं। दावा… 6 साल में प्रति व्यक्ति आय 85 हजार से बढ़ कर 1.05 लाख रुपए पर पहुंची
काम की गवाही खुद देगी जनता : संजय प्रसाद कार्यक्रम में श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि जो नियुक्तियां हो रही हैं, उसका सीधा फायदा कई परिवारों को मिलेगा। आने वाले दिनों में सरकार और नियुक्तियां करेंगी, ताकि राज्य में मैन पावर की समस्या नहीं रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हर विभाग में कई अच्छे काम हो रहे हैं। जो काम पूर्ववर्ती सरकारों को करना था, वह नहीं हुआ। मगर विगत छह साल में जो काम हुए, उसकी गवाही खुद जनता ही देगी। हमें किसी के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। किस विभाग से कितनी नियुक्तियां हुईं
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के तहत झार खंड लोक सेवा आयोग की 11 वीं से 13 वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा से अनुशंसित 197 उप समाहर्ता, 35 पुलिस उपाधीक्षक, 55 राज्य कर पदाधिकारी, 2 कारा अधीक्षक, 8 झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी-2, 1 जिला समादेष्टा, 8 सहायक निबंधक, 14 श्रम अधीक्षक, 6 प्रोबेशन पदाधिकारी और 3 उत्पाद निरीक्षक को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा दंत चिकित्सक के 22, कीटपालक के 150 और सहायक आचार्य के 8291 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला। वहीं, कर्तव्य के दौरान 84 शहीद पुलिस कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सभी मंत्री व कई विधायक हुए शामिल
नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के अलावा मंत्री दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, हफीजुल हसन, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की मौजूद थे। कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद महुआ माजी, विधायक विधायक कल्पना सोरेन, ममता देवी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह एवं विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *