गढ़वा : 121 लोगों ने जमा किया आवेदन, भेजा गया रांची, स्वीकृति के बिना प्रक्रिया बाधित

एनाम खान | गढ़वा सत्र 2025-26 का सात महीना गुजर जाने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत बेघरों को आवास बनाने को लेकर अभी तक एक भी लाभुक के आवेदन की स्वीकृति नहीं की गई है। जिसके कारण लाभुकों में निराशा देखी जा रही है। इस संबंध में नगर परिषद से मिली जानकारी के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र के 121 लोगों ने आवास योजना के लिए आवेदन किया था। पात्रता की जांच के बाद सभी आवेदन नगर विकास विभाग रांची को भेजा गया है, लेकिन स्वीकृति के बिना आगे की प्रक्रिया बाधित हो गई है। सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार द्वारा नीति की समीक्षा, बजट आवंटन और पूर्व स्वीकृत आवासों के निर्माण में देरी इसका मुख्य कारण बताया जा रहा है। वहीं योजना में नए वित्तीय प्रावधान और राशि बढ़ने की घोषणा के बाद कई तकनीकी प्रक्रियाओं की पुनः समीक्षा भी आवश्यक हो गई है। प्रधानमंत्री आवास निर्माण को लेकर स्वीकृति नहीं मिलने से लाभुकों में निराशा देखी जा रही है। लाभुकों ने कहा कि जब केंद्र सरकार के द्वारा यह घोषणा की गई थी कि अब प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत बेघरों को आवास बनाने के लिए ढाई लाख रुपए दिया जाएगा तो उन्हें काफी खुशी हुई थी कि अब उनका भी पक्का का मकान होगा, लेकिन राज्य सरकार के द्वारा इस योजना की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण आशा निराशा में बदल गई है। आवास निर्माण में पहले से 25 हजार अधिक मिलेगा : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आवास निर्माण को लेकर पहले से 25 हजार रुपए अधिक मिलेगा। इस संबंध में बताया गया कि अब लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण को लेकर ढाई लाख रुपए मिलेगा। जबकि पूर्व में दो लाख 25 हजार रुपए मिलते थे। साढ़े छह महीने पूर्व किए हैं आवेदन : गढ़वा शहर के दीपवा मोहल्ला निवासी दयानंद रजक ने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत आवास निर्माण को लेकर साढ़े छह माह पूर्व नगर परिषद कार्यालय में आवेदन दिए थे। लेकिन अभी तक प्रधानमंत्री आवास निर्माण को लेकर एक भी किश्त उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। जिसके कारण उन्हें अपने घरों में रहने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनका घर मिट्टी का बना हुआ है। ऐसे में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दयानंद रजक ने कहा कि वर्ष 2025-26 का सात महीना होने वाला है। बावजूद इसके अभी तक आवास निर्माण को लेकर एक भी किश्त नहीं मिलना विभाग की उदासीन रवैया को दर्शाता है। उन्होंने जल्द से जल्द आवास निर्माण को लेकर किश्त प्रदान करने का आग्रह किया है। ताकि वह आवास निर्माण कर सकें। नगर विकास विकास रांची को भेजा गया आवेदन लंबित : नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि सत्र 2025-26 के प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लाभुकों को फिलहाल आवास मिलना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित नगर परिषद के द्वारा नगर विकास विकास रांची को भेजा गया आवेदन लंबित है। नगर विकास विभाग रांची के द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय दिल्ली आवेदन को भेजा जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *