नागौर में डंपर की टक्कर से युवक की मौत:जीजा गंभीर रूप से घायल, शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे

नागौर जिले में सदर थाना क्षेत्र के भदाणा फांटा के पास नागौर-लाडनूं नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। बाइक और तेज रफ्तार डंपर की जोरदार टक्कर में कुचेरा थाना क्षेत्र के खजवाना गांव निवासी कैलाश राम (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके जीजा मुकेश (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। शादी की खुशियां बदली मातम में
जानकारी के अनुसार कैलाश राम के भाई और बहन की एक साथ 4 दिसंबर को शादी तय थी। पूरे परिवार में दोहरी खुशी का माहौल था और उत्साह चरम पर था। कैलाश राम और उनके जीजा मुकेश इसी खुशी में शामिल होने के लिए बाइक से रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे।
इसी दौरान भदाणा फांटा के पास सामने से आ रहे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैलाश राम दूर जा गिरे और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे शादी के कार्ड
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल का मंजर दिल दहला देने वाला था। चारों तरफ शादी के रंग-बिरंगे कार्ड बिखरे पड़े थे, जिन्हें देखकर राहगीरों की आंखें नम हो गईं। राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस घायल मुकेश को तुरंत नागौर के राजकीय चिकित्सालय ले गई, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डंपर जब्त, ड्राइवर की तलाश जारी
सदर थाना अधिकारी सुरेश कस्वां ने बताया कि मृतक की बहन और भाई की शादी 4 दिसंबर को थी और दोनों जीजा-साला कार्ड बांटने जा रहे थे। पुलिस ने कैलाश राम का शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जो अस्पताल पहुंच चुके हैं और पूरे परिवार में गमगीन माहौल है। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश जारी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *