पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के उंदरा गांव के महाकाली मंदिर में बीती रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दान पात्र में रखी रकम चुराकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पिंडवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार मंदिर के पुजारी गोपेश कुमार माली ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 4:00 बजे मंदिर में जाकर पूजा करने के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा मंदिर के मुख्य द्वार का दरवाजे पर लगा ताला और कुंदा टूटा हुआ था तथा दान पात्र वहां से गायब था। घटना की सूचना उन्होंने ग्राम वासियों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामवासी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिंडवाड़ा थाने में सूचना देकर पुलिस को बुलवाया। सूचना मिलते ही हेड कॉन्स्टेबल दिलीप कुमार दल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया। पुलिस को मंदिर से थोड़ी ही दूर बरसाती नाले में टूटा हुआ दान पात्र मिला। जिसमें रखा हुआ सारा पैसा गायब था। जिसे चोर चुरा कर फरार हो गए थे। मंदिर के पुजारी गोपेश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ महीने से इस मंदिर के दान पत्र को नहीं खोला गया था, जिसमें पैसे काफी अधिक हो सकते हैं। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगाला तथा चोरों की फुटेज लेकर उनकी तलाश शुरू कर दी है, पुलिस का दावा है शीघ्र आरोपी पकड़े जाएंगे।


