करौली के प्रसिद्ध मदन मोहन मंदिर के पास स्थित नगाड़ खाना दरवाजा कल्याण रायजी मंदिर के सामने विद्युत लाइन के टूटने से एक गोवंश की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। आस पास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्रवासियों ने झूलते विद्युत लाइनों की बार-बार शिकायत करने पर भी विद्युत विभाग द्वारा अनदेखी के आरोप लगाए हैं। चौबे पाड़ा मोहल्ला निवासी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह झूलते विद्युत लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। इस दौरान वहां खड़ी एक गोवंश करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। मोहल्ला निवासी लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में झूलती विद्युत लाइन है। जिनकी बार-बार शिकायत करने के बाद भी विभाग द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। मदन मोहन मंदिर के पास होने के कारण क्षेत्र में बड़ी मात्रा में श्रद्धालु भी आते हैं। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द विद्युत लाइनों को दुरुस्त कराने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।


