कोयले की आड़ में करता था नशीली दवाइयों की तस्करी:साइक्लोनर टीम ने 5 साल से फरार आरोपी को पकड़ा, टैंकर में पानी भरते दबोचा

जोधपुर रेंज की स्पेशल साइक्लोनर टीम ने ऑपरेशन टटपुंजिया चलाते हुए 5 वर्षों से फरार चल रहे 15000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीकानेर जिले के पुलिस थाना नाल में 26 नवंबर 2020 को दर्ज हुए अवैध प्रतिबंधित नशीली दवाइयां के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी सोनाराम पुत्र गणपत राम बिश्नोई निवासी ननेऊ पुलिस थाना जांबा को गिरफ्तार किया। जानकारी देते हुए रेंज आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी कोरोना काल में कोयले से भरे ट्रक में छिपाकर अवैध नशीली टैबलेट की सप्लाई किया करता था। आरोपी को कोयला ट्रांसपोर्ट से अधिक कमाई नशीली दवाइयां की सप्लाई में मिलती थी। इसके चलते इस धंधे में आ गया। आरोपी पढ़ाई छोड़ने के बाद ट्रक चलाता था। ट्रक चलाने के दौरान लोगों का सामान और पार्सल ट्रकों में सप्लाई करने लगा। इसी दौरान मेडिकल की दुकान से दवाइयां के पार्सल भी सप्लाई करने लगा था। साल 2020 में पुलिस थाना नाल जिला बीकानेर ने 26 नवंबर को कार्रवाई करते हुए ट्रक की तलाशी के दौरान तिरपाल से ढके ट्रक के नीचे रखे खाकी कार्टूनों से लाखों रुपए कीमत की नशीली दवाइयां जब्त की थी। जिसे सरकार की ओर से प्रतिबंधित किया गया था। इस मामले में आरोपी पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहा था। फरारी के दौरान भी अवैध मादक पदार्थ और दवाइयों की तस्करी करने का अंदेशा है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी फरारी के दौरान बड़े ट्रक ट्रेलर का ड्राइवर बनाकर अहमदाबाद, बीकानेर, जोधपुर और अन्य शहरों में जाता था और घर पर आना-जाना भी कम कर दिया था। आरोपी ने अवैध नशीली दवाइयां की सप्लाई पंजाब तक करना शुरू कर दिया था। इसके लिए फलोदी जिले तक नशीली दवाइयां मंगवा कर अपने ट्रक के माध्यम से पंजाब में भटिंडा शहर में लोकल नेटवर्क के माध्यम से सप्लाई करता था। टीम को आरोपी के गांव में आने की सूचना मिली थी। टीम ने जांबा में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर दिया। आरोपी पानी का टैंकर भर रहा था। इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया। अब उसे बीकानेर जिले की पुलिस को सौंपा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *