ग्वालियर में सम्यक समाज संघ (एस-3) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाखन सिंह बौद्ध पर शुक्रवार रात 1:40 बजे बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अभी भी फरार हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हमलावरों की लाखन बौद्ध से पुरानी रंजिश थी और उन्होंने मौका पाकर हमला किया। कैसे हुआ हमला लाखन सिंह बौद्ध, निवासी इंटरनेशनल बुद्ध विहार, शुक्रवार को एक मीटिंग के बाद थाटीपुर के अंबेडकर मांगलिक भवन में विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम से लौटते समय, रात करीब 1:40 बजे, जब वह सुरेश नगर सरकारी मल्टी के पास पहुंचे, तभी दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने उनकी स्विफ्ट डिजायर (एमपी 07 सीजे 0116) का रास्ता रोक लिया। उनके साथ कार में एस-3 की प्रदेश सुरक्षा अधिकारी दीपिका बौद्ध भी मौजूद थीं। बदमाशों ने कार रुकवाकर लाखन को नीचे उतरने का इशारा किया। खतरा भांपते हुए लाखन सिंह ने कार के गेट लॉक कर लिए। बदमाशों ने जबरन दरवाज़ा खोलने का प्रयास किया, जिसके बाद लाखन ने कार आगे बढ़ा दी। इससे नाराज़ बदमाशों ने कार पर पथराव कर दिया, जिससे पीछे का शीशा टूट गया। नेतागिरी करता है, आज सबक सिखाएंगे पीड़ित के अनुसार, गेट तोड़ने की कोशिश के दौरान हमलावर लगातार कह रहे थे कि वह “बहुत नेतागिरी करता है, आज सबक सिखा देंगे।” इससे साफ हुआ कि आरोपी उन्हें पहचानते थे और रंजिशन हमला करने आए थे। CCTV से सामने आया मामला घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। इसमें हमलावरों की पहचान बृजेन्द्र उर्फ धारा रजक, बबलू उर्फ लल्ला जाटव और प्रदीप उर्फ भतीजा जाटव के रूप में हुई। इन तीनों को पकड़कर पूछताछ की गई तो सामने आया कि हमले में साहिल जाटव, विजय जाटव, गुल्लू बाल्मीकि और अमन जाटव भी शामिल थे। सभी का लाखन बौद्ध से पुराना विवाद चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बाकी चार फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


