राजस्थान सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रैंक के अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इसी कड़ी में महिला अपराध अनुसंधान सेल, चित्तौड़गढ़ में तैनात एडीशनल एसपी मुकेश कुमार सांखला का ट्रांसफर डूंगरपुर जिले में कर दिया गया है। गृह विभाग के संयुक्त शासन सचिव आनंदीलाल वैष्णव ने इसके लिए आधिकारिक आदेश जारी किया है। इस आदेश में कुल 26 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के ट्रांसफर शामिल हैं। तबादले के बाद चित्तौड़गढ़ की महिला अपराध अनुसंधान सेल में एडीशनल एसपी का पद फिलहाल खाली हो गया है। आदेश में इस पद पर किसी नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है। इसके चलते विभाग के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि इस सेल में महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मामलों की जांच होती है। फिलहाल यह देखना होगा कि सरकार इस पद को कब तक भरती है। महिला ने लगाए गंभीर आरोप, सांखला को झेलनी पड़ी बदनामी बताया जा रहा है कि इसी साल उदयपुर की एक महिला ने एडीशनल एसपी मुकेश कुमार सांखला पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का आरोप था कि सांखला ने उस पर रेप करने की कोशिश की, उसे ब्लैकमेल किया और उसे झूठे केस में फंसाया हैं। इस शिकायत के बाद पूरे मामले की चर्चा पुलिस विभाग से लेकर स्थानीय स्तर तक रही और सांखला को काफी बदनामी का सामना करना पड़ा। डूंगरपुर में नई जिम्मेदारी, जल्द संभालेंगे पदभार डूंगरपुर जिले में स्थानांतरण के बाद अब मुकेश कुमार सांखला वहां अपनी नई भूमिका निभाएंगे। वे जल्द ही डूंगरपुर में पदभार ग्रहण करेंगे। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग में सुधार लाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। दूसरी ओर, चित्तौड़गढ़ में महिला अपराध अनुसंधान सेल अब नए एडीशनल एसपी की नियुक्ति का इंतजार कर रही है।


