भास्कर न्यूज | केतार प्रखंड के राजघाटी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में एएनएम पूजा प्रकाश की पदस्थापना जिला स्वास्थ्य समिति गढ़वा के द्वारा 20 नवंबर को की गई थी। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उन्होंने पदभार ग्रहण नहीं किया है। विभागीय आदेश के बावजूद एएनएम द्वारा योगदान नहीं देने से केंद्र में ताला बंद है, स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो हैं। एएनएम की अनुपस्थिति का सीधा असर केतार एवं बलीगढ़ पंचायतों की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं के प्रसव, टीकाकरण, जांच संबंधी सेवाएं तथा नवजात शिशुओं के टीकाकरण जैसे आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और आक्रोश का माहौल बन रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी दो एएनएम केतार के लिए स्थानांतरित की गई थीं, लेकिन दोनों ने योगदान नहीं दिया। लगातार एएनएम के अनुपस्थित रहने से स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द एएनएम की तनाती कर प्रभावित स्वास्थ्य सेवाओं को सम्मान किया जाए। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ कैनेडी ने माना कि केतार प्रखंड में एएनएम की पोस्टिंग लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि केतार में कोई एएनएम जाना ही नहीं चाहती है, लेकिन विभागीय प्रयास जारी है। जल्द ही किसी एएनएम को वहां पदस्थापित कर भेजा जाएगा।


