भास्कर न्यूज | हजारीबाग हजारीबाग के कोर्रा थाना अंतर्गत दीपू गढा में 1 अक्टूबर की शाम 14 वर्षीय जोय अलेक्स एक्का की हुई मौत पर उसकी मां प्रेम नगर सिंदूर निवासी प्रभा बेनदित खलको ने सवाल खड़ा कर दिया है। प्रभा बेनदित खलखो पति संतोष एक्का ने इस संबंध में शुक्रवार को हजारीबाग डीआईजी कार्यालय, एसपी और संबंधित कोर्रा थाना को आवेदन दिया है। जिसमें कहा है कि मेरे बेटे की हत्या हुई है। जिसे दुर्घटना साबित करने का प्रयास किया गया है। इस मामले की गंभीरता से जांच हो तो सत्य सामने आएगा। आवेदक ने दोषियों पर जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है। कही है कि मेरा बेटा 28 सितंबर से एक अक्टूबर तक दीपूगढा निवासी दीपक गिद्ध की शादी में शामिल था। 1 अक्टूबर को शाम 6:40 तक हमारे बेटे से बात हुई है। उसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इसी क्रम में एक लड़का आकर बताया कि मेरे बेटे का एक्सीडेंट हो गया है जिसे सदर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। बेटे के शव को देखकर हम सभी बेसुध हो गए थे। इसी का फायदा उठाकर मेरे बेटे के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए मेरे घर पहुंचा दिया गया। घर में मैंने देखा कि मेरे बेटे के दाहिनी कनपटी से बाएं कनपटी तक छेद है और गले में चेन खींचने और नाखून से खरोच का निशान भी है चेहरे और पूरे शरीर में कहीं भी चोट का निशान नहीं था उसका कपड़ा भी नहीं फटा था। इससे हमें संदेह है कि उसे गोली मारकर हत्या की गई। जब सवाल उठाया तो कुछ लोग आए और कहे कि हम लोग सीएस कार्यालय की टीम के लोग हैं । शव का पोस्टमार्टम होगा इसलिए ले जा रहे हैं और पोस्टमार्टम करके शव वापस दे दिया गया। जिसका 2 अक्टूबर को अंतिम संस्कार किया गया। जब हम थाना पहुंचे तो हमें बताया गया कि फर्ज बयान अनुज राकेश गिद्ध नामक दीपू गढा का व्यक्ति ने अंकित कराया है जो खुद को मृतक का चाचा बताया है। जबकि अनुज राकेश गिद्ध से हमारा कोई रिश्ता नहीं है। महिला ने मामले की गंभीरता से जांच का अनुरोध किया है। महिला ने जोर के साथ मौजूद रहे कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि महिला ने मुझे भी आवेदन देकर उक्त तथ्यों की जानकारी दी है। अब इसकी जांच की जाएगी जांच से स्पष्ट हो जाएगा कि मामला क्या है।


