गुमला-रांची हाईवे पर दर्दनाक हादसा:आंगनबाड़ी जा रहा था 3 साल का आदित, अचानक सड़क पर चढ़ा, कार ने मारी टक्कर

गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय आदित टोपो की मौत हो गई। लावागाई निवासी रवि उरांव का बेटा आदित रोज की तरह गांव के आंगनबाड़ी केंद्र जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे वह घर से निकला, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही अचानक गुमला-रांची हाईवे पर दौड़ पड़ा। उसी दौरान रांची से गुमला की ओर जा रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आदित मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। चालक ने की मदद, लेकिन नहीं बच पाई जान हादसे के बाद इंसानियत दिखाते हुए कार चालक ने तुरंत बच्चे को उठाया और अपनी ही गाड़ी से गुमला सदर अस्पताल ले गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि आदित की हालत बेहद नाजुक है। कुछ देर तक उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर राहुल देव ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां मां-बाप और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर दुख जताया और बताया कि बच्चा अक्सर इसी रास्ते से आंगनबाड़ी जाता था। किसी ने नहीं सोचा था कि एक छोटी-सी अनदेखी उसकी जिंदगी छीन लेगी। पुलिस ने कार कर ली जब्त घटना की सूचना मिलते ही गुमला सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कार चालक से पूछताछ की। बाद में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर हाईवे का निरीक्षण किया और कार को जब्त कर लिया। बच्चे के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा उस वक्त हुआ, जब बच्चा अचानक सड़क पर आ गया। कार चालक को वाहन को संभालने का वक्त नहीं मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *