गिरिडीह | एसपी विमल कुमार के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खान ने शुक्रवार को साइबर थाना प्रभारी और पुलिस बल के साथ गांडेय तथा अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में छापामारी कर 5 साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों को गुप्त स्थान पर ले जाकर गहन पूछताछ की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो अपराधी बिहार के, दो जामताड़ा के और एक गांडेय थाना क्षेत्र का निवासी है। साइबर डीएसपी ने बताया कि जिले से साइबर अपराधियों का सफाया करना पुलिस का मुख्य लक्ष्य है। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में कोई भी साइबर अपराधी बचे नहीं। यदि कोई अपराधी अन्य राज्य में छिपा हो, उसे ढूंढकर गिरफ्तार करने का आदेश भी दिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से महंगे मोबाइल, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। इसमें दो शातिर अपराधी ऐसे हैं, जो पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं। जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी अभियान चला रहे हैं। इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में दहशत का माहौल है और पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।


