भास्कर न्यूज | गिरिडीह घोड़थंभा ओपी क्षेत्र के काली मंडा रोड बाज़ार गली स्थित न्यू प्रेमहंस हार्डवेयर दुकान में मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे दबंगों द्वारा जबरन घुसकर तोड़फोड़, लूटपाट और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर जब आरोपियों के विरुद्ध दुकानदार उमेश राणा घोड़थंभा ओपी में जाकर आवेदन दिया, तो वहां से किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने पर जिले के एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना को लेकर गुंडरी निवासी एवं हार्डवेयर दुकानदार उमेश राणा ने बताया कि वह वर्ष 2003 से अरविंद विश्वकर्मा के मकान में किराए पर दुकान चला रहे हैं। घटना के दिन मुरना निवासी लालन सिंह, पवन मालाकार, पंकज मालाकार, अभिमन्यु शर्मा, दिनेश्वर सिंह, विभूति राय, मिथलेश राय सहित 40–42 अज्ञात लोग दुकान के सामने आकर गाली-गलौज करने लगे और दुकान खाली करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर सभी आरोपित जबरन अंदर घुस गए और दुकान में रखे नकद राशि तथा आवश्यक कागजात उठा ले गए। कहा कि लालन सिंह, पवन मालाकार और पंकज मालाकार ने उन्हें गला दबाते हुए धमकी दी कि आज जान से मार देंगे। उनका पुत्र किसी तरह बीच-बचाव कर जान बचा सका। इसी दौरान दिनेश सिंह ने गल्ले से 46 हजार नकद और दस्तावेज निकाल लिए। कई अन्य लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर लगभग 50 हजार के समानों का नुकसान पहुंचा दिया। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दुकान खाली नहीं किया गया, तो सभी को जान से मार देंगे।


