राजनांदगांव में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई:खनिज विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की, रेत का डंप भी सीज

राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव ब्लॉक स्थित ग्राम बंशी बंजारी में अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। गुरुवार को विभाग की संयुक्त टीम ने नदी तट पर दबिश देकर रेत भरते हुए एक ट्रैक्टर को रंगेहाथ पकड़ा। मौके से वाहन जब्त कर डोंगरगांव थाने में जमा कराया गया है। खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जब्त किया गया ट्रैक्टर पीयूष साहू के नाम पर पंजीकृत है। लगातार मिल रही शिकायतों की पुष्टि के बाद विभाग ने खनिज अधिनियम की धाराओं के तहत यह कार्रवाई की है। विभाग के मुताबिक, बंशी बंजारी में केवल नदी किनारे ही नहीं, बल्कि गांव के खाली मैदान में भी बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण किया जा रहा था। विभाग को इसकी शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान टीम ने मैदान में पहुंचकर डंप की जांच की। वैध परिवहन चालान नहीं किया पेश जांच में पाया गया कि इतनी बड़ी मात्रा में रेत के भंडारण के लिए कोई वैध परिवहन चालान या स्टॉक प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किया गया था। नियम विरुद्ध पाए जाने पर पूरे डंप रेत को मौके पर ही जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। बढ़ गई थी वाहनों की आवाजाही स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बंशी बंजारी-खुज्जी मार्ग के आसपास महीनों से देर रात और तड़के सुबह रेत भरने व ढुलाई करने वाले वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी। ग्रामीणों ने इसकी कई बार शिकायत की थी, जिसके बाद विभाग ने निगरानी बढ़ाई और कार्रवाई की योजना बनाई। जारी रहेगा कार्रवाई- खनिज विभाग खनिज अधिकारी अश्वनी बंजारे ने बताया कि अवैध उत्खनन के बढ़ते मामलों को देखते हुए डोंगरगांव, खुज्जी, पांगरीकला और बंजारी सहित पूरे क्षेत्र में अवैध रेत और मुरम उत्खनन पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रेत परिवहन, भंडारण और उत्खनन में शामिल किसी भी वाहन या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *