छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक किराना दुकान से 2200 रुपए का तेल का डिब्बा चोरी हो गया। यह घटना शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे के बीच गणेश चौक स्थित विजय किराना स्टोर पर हुई। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार ने कोतवाली थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक युवक दुकान के आसपास कुछ मिनट तक टहलता है। वह दो से तीन बार दुकान के अंदर जाकर तेल के डिब्बे की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करता है। जैसे ही दुकानदार ग्राहकों को संभालने में व्यस्त होता है, युवक मौके का फायदा उठाकर तेल का डिब्बा उठाता है और बाहर निकल जाता है। ऑटो चालक की मदद से चोर तेल का डिब्बा लेकर फरार दुकान से थोड़ी दूरी पर एक ऑटो चालक पहले से ही ऑटो लेकर तैयार खड़ा था। जैसे ही चोर तेल का डिब्बा लेकर बाहर निकला, ऑटो चालक तुरंत वहां पहुंच गया। दोनों मिलकर तेल का डिब्बा लेकर फरार हो गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर और ऑटो चालक दोनों साथी हो सकते हैं। दुकान में तीसरी बार तेल की चोरी, कारोबारी परेशान किराना व्यवसायी विजय कोटवानी ने बताया कि यह उनकी दुकान में तेल का डिब्बा चोरी होने की तीसरी घटना है। तीनों घटनाओं का तरीका एक जैसा रहा है। चोर स्वास्तिक सोयाबीन तेल का डिब्बा ले गया, जिसकी कीमत 2200 रुपये है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की अपील की है। पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि दुकानदार की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


