रतलाम के डोंगरे नगर स्थित बोधि इंटरनेशनल स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदे छात्र का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आदिवासी छात्र संगठनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष, छात्र की दादी और परिजन स्कूल के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष केसु निनामा के साथ छात्र की बुजुर्ग दादी, परिजन और समाजजन स्कूल के बाहर सड़क पर बैठे हैं। वे स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। DEO को मौके पर बुलाने की जिद
प्रदर्शनकारी मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी आकर बात नहीं करते और ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते, धरना जारी रहेगा। तहसीलदार और पुलिस बल तैनात
हंगामे की सूचना पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। स्कूल के बाहर तहसीलदार ऋषभ ठाकुर और थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौजूद हैं। वे प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।


