खंडवा के बोरगांव चौकी क्षेत्र के ग्राम कुमठी में एक 23 वर्षीय युवक ने शादी न होने के चलते आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उसका शव गांव के ही एक कुएं में मिला। शव तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जो सड़-गल चुका था। मृतक का परिवार महाराष्ट्र के जलगांव में मजदूरी करता है। युवक का मोबाइल बंद आने पर उसका भाई उसे ढूंढने गांव आया था, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ। बोरगांव चौकी प्रभारी रामप्रकाश यादव के मुताबिक, मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले राजेश पिता हुकुम दांगोड़े (23) के रूप में हुई है। शव करीब 3 दिन पुराना है और बुरी तरह सड़ चुका था। मृतक के भाई ने उसकी पहचान की। 4 दिन से बंद आ रहा था मोबाइल
भाई ने पुलिस को बताया कि राजेश उनके साथ जलगांव (महाराष्ट्र) में रहकर मजदूरी करता था। वह एक हफ्ते पहले ही गांव आया था। पिछले चार दिन से उसका मोबाइल बंद आ रहा था, जिससे परिवार चिंतित हो गया। भाई उसे तलाश करने कुमठी पहुंचा, तो शनिवार को चौथे दिन कुएं में उसका शव मिला। 23 साल का हो गया था, नहीं हो रही थी शादी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक राजेश शादी न होने की वजह से परेशान चल रहा था। दरअसल, उनके समाज में आमतौर पर 18 से 19 साल की उम्र में शादी हो जाती है, जबकि राजेश 23 साल का हो चुका था। नशे की लत के कारण नहीं हो रहा था रिश्ता
ग्रामीणों के अनुसार, राजेश नशे का आदी था। इसी कारण उसका रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया है और शव परिजनों को सौंप दिया है।


