अमृतसर के हल्का मजीठा के अंतर्गत आने वाले गांव टाली साहिब में बीती रात एक घर पर तीन अज्ञात युवकों ने अंधाधुंध गोलियां चला दी। पुलिस के मुताबिक, कुल छह राउंड फायर किए गए। इसमें पांच गोलियां घर के गेट पर लगीं और एक गोली कार के टायर में जा लगी। घर के मालिक पलविंदर सिंह ने बताया कि जब सुबह वे उठे तो घर के गेट पर गोलियों के निशान दिखाई दिए। बाद में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी। जिसमें साफ देखा जा सकता था कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और गोलियां चलाकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पलविंदर ने आगे कहा कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है और न ही उन्हें किसी प्रकार की फिरौती की धमकी मिली। परिवार का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके घर पर गोलियां क्यों चलाई गईं। घटना के समय घर के सभी सदस्य मौजूद थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की ओर आए और गोलियां चलाकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई कि हमलावरों की जल्द पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। डीएसपी मजीठा ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोग भी डर के माहौल में हैं और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यह हमला अचानक हुआ और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


