छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में टेक स्टार्स स्टार्टअप वीकेंड का तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू हो गया है। इसका उद्देश्य युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। यह आयोजन 30 नवंबर 2025 तक चलेगा। जिला प्रशासन और खेल-युवा कल्याण विभाग की ओर से बरदिहा लेक व्यू रिजॉर्ट, गंगरेल में इसका आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम उन सभी के लिए खुला है जो किसी नए विचार को व्यावसायिक रूप देना चाहते हैं, चाहे वे विद्यार्थी हों, नौकरीपेशा हों या वर्तमान में स्टार्टअप चला रहे उद्यमी। इस तीन दिवसीय आयोजन में मेंटोरशिप, टीम बिल्डिंग, पिच प्रेजेंटेशन और निवेशकों से संवाद जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। विकासगढ़ के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेराज मीर ने बताया कि इस कार्यक्रम में 10 से अधिक निवेशक, 20 से अधिक अनुभवी मेंटर्स, 50 संभावित स्टार्टअप टीमें और 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। स्टार्टअप अवसरों पर जानकारी उन्होंने ग्लोबल स्टार्टअप एक्सीलेरेटर “टेक स्टार” और इसकी विश्वभर में स्टार्टअप व उद्यमिता गतिविधियों में भूमिका पर भी प्रकाश डाला। यह आयोजन युवाओं, छात्रों, स्टार्टअप फाउंडर्स और प्रोफेशनल्स को व्यापक मार्गदर्शन और नेटवर्किंग के अवसर प्रदान करेगा। स्टार्टअप की ओर प्रेरित करने का आह्वान कलेक्टर ने युवाओं से अपने नवीन विचार साझा करने और टीम बनाकर उन्हें व्यावहारिक रूप देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को स्टार्टअप इकोसिस्टम की ओर प्रेरित करना, उनके विचारों को प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करना और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है। कलेक्टर ने यह भी कहा कि यह आयोजन पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का पहला है। यह धमतरी को स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं की क्षमता पर क्षेत्रीय विधायक का विश्वास कार्यक्रम में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहू ने कहा कि धमतरी के युवाओं में अपार क्षमता है और ऐसे आयोजन से उन्हें अपने कौशल और रचनात्मकता को दिशा देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आशा जताई कि धमतरी से कई सफल स्टार्टअप सामने आएंगे और रोजगार के नए अवसर बनेंगे। महापौर ने तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की बात कही महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम नवाचार और तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे समाज की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए तकनीक-आधारित मॉडल विकसित करें। पूर्व विधायक ने युवाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी पूर्व विधायक रंजना साहू ने युवाओं को आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में स्टार्टअप रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम बनकर उभर रहा है और ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं।


