मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी भारत के टॉप-10 सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों की सूची में मल्हारगढ़ थाना 9वें स्थान पर रहा। यह घोषणा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रायपुर में आयोजित 60वीं डीजीपी व आईजीपी कॉन्फ्रेंस में की। गृह मंत्रालय ने थानों के मूल्यांकन हेतु 70 अलग-अलग पैमाने निर्धारित किए थे, जिनमें अपराध नियंत्रण, मामलों के त्वरित निराकरण, स्वच्छता, तकनीकी संसाधनों का उपयोग, पुलिसकर्मियों का व्यवहार एवं आमजन की संतुष्टि जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल रहे। मल्हारगढ़ थाने ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर में टॉप-10 में अपनी जगह बनाई तो यह प्रदेश का एकमात्र थाना ऐसा है जो इस सूची में शामिल हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई
इस प्रतिष्ठित उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मल्हारगढ़ थाना स्टाफ, मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना और जिले के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अन्य पुलिस थानों को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी सोशल मीडिया पर बधाई संदेश साझा कर मंदसौर पुलिस को बधाई दी है। बता दें कि मल्हारगढ़ उपमुख्यमंत्री का ही विधानसभा क्षेत्र है। नेतृत्व और टीमवर्क का परिणाम
मल्हारगढ़ थाने की इस सफलता में एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी तथा तत्कालीन थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने करीब चार वर्षों तक थाने की कार्यप्रणाली को मजबूत दिशा दी और टीम को उत्कृष्ट परिणामों तक पहुंचाया। राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग के लिए जिन प्रमुख मापदंडों पर थानों का आकलन हुआ, उनमें महिला अपराधों की त्वरित विवेचना और समय सीमा में चार्जशीट प्रस्तुत करना, कमजोर वर्गों से जुड़े अपराधों में तुरंत कार्रवाई, गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश, चोरी, लूट, डकैती जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों का त्वरित खुलासा, पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण, समंस-वारंट तामिली, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही और अन्य बुनियादी पुलिस कार्यों में उत्कृष्टता, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, शिकायतकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर पुलिस की सकारात्मक कार्यप्रणाली, सामुदायिक सहभागिता एवं प्रो एक्टिव पुलिसिंग के माध्यम से अपराधों की रोकथाम शामिल है। मंदसौर पुलिस के लिए गर्व का क्षण
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि मल्हारगढ़ थाने की यह उपलब्धि न केवल मंदसौर जिले के लिए बल्कि पूरे मध्यप्रदेश पुलिस विभाग के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह सफलता राज्य पुलिस के आदर्श वाक्य “देश भक्ति-जनसेवा” को सच्चे अर्थों में प्रतिबिंबित करती है। मंदसौर पुलिस ने भविष्य में भी जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।


