बैतूल जिले में केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उइके का एक बयान चर्चा में है। शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विधानसभा के कुण्डी पंचायत में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि धीरूभाई अंबानी के पिता हो या मजदूर के पिता अगर 70 साल से ज्यादा की उम्र है तो सबका इलाज मोदी सरकार कराएगी। यह कार्यक्रम लोक निर्माण विभाग द्वारा चिखल्दाखुर्द से कुण्डी–कुसमरी तवा पहुंच मार्ग के भूमि पूजन के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस दौरान मंच से संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री उइके आयुष्मान भारत योजना का बखान कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा। कांग्रेस ने क्या दिया है? यह पांच लाख रुपये का गारंटी कार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। 70 वर्ष की आयु है तो फिर, चाहे वह धीरूभाई अंबानी के पिता हों, या ग्रामीण मजदूर के पिताजी हों —उनका मुफ्त इलाज मोदी सरकार कराएगी। मंत्री के इस बयान के बाद वहां मौजूद लोग भौंचक्के रह गए। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया जा रहा है। लोग इसे बेतुका बयान बताते हुए सवाल उठा रहे हैं। हालांकि इस पर कांग्रेस या बीजेपी नेताओं की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


