बैतूल-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-47) पर शनिवार तड़के एक ट्रैक्टर और अर्टिगा कार के बीच टक्कर हो गई। हादसा खापा जोड़ के पास शनिवार सुबह करीब 4:15 बजे हुआ। अर्टिगा कार में सवार चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर जीन शुगर मिल में गन्ना खाली कर चिचोली की ओर लौट रहा था। इसी दौरान इंदौर की दिशा से आ रही अर्टिगा कार उससे टकरा गई। कार में दो पुरुष, तीन महिलाएं और तीन बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के अगले दोनों पहिए टूटकर हाईवे पर बिखर गए। कार में सवार साकिर खान के पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों में इम्तियाज बी, हीना बी और अय्यूब रिजवी शामिल हैं। हादसे के बाद वहां से गुजर रही एक बस के ड्राइवर ने तुरंत 112 डायल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बैतूल रेफर किया गया था, जहां से इलाज के बाद परिवार इंदौर रवाना हो गया। ट्रैक्टर ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। यह परिवार इंदौर से नागपुर के ताजबाग स्थित बाबा ताजुद्दीन दरगाह पर जियारत (तीर्थयात्रा) के लिए जा रहा था।


