भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो का नाम मतदाता सूची में फिर से जोड़ दिया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भरतपुर और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय ने इस बात की पुष्टि की है। जिला प्रशासन ने अपनी त्रुटि स्वीकार करते हुए उनके नाम को मूल विधानसभा क्षेत्र के भलौर में दर्ज किया है। जिला प्रशासन ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पहले गुलाब कमरो का नाम तकनीकी त्रुटि के कारण विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 19 धर्मजयगढ़ के भाग संख्या 169 में दर्ज हो गया था। यह त्रुटि 2003 के ईपिक विवरण के डिजिटाइजेशन के दौरान हुई थी। पूर्व विधायक गुलाब कमरो की ओर से 20 नवंबर 2025 को भेजे गए एक स्क्रीनशॉट के माध्यम से इस समस्या का पता चला। कलेक्टर ने की फौरन कार्रवाई इस मामले में कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई की। 21 नवंबर 2025 को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ को पत्र भेजकर तकनीकी समाधान का अनुरोध किया गया। भारत निर्वाचन आयोग ने बीएलओ ऐप में ‘अनमैपिंग’ सुविधा उपलब्ध कराई, जिसके बाद धर्मजयगढ़ के बीएलओ द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। डिजिटाइजेशन और सही विधानसभा में मैपिंग इसके परिणामस्वरूप, गुलाब कमरो के एन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन, सत्यापन और मैपिंग उनके मूल विधानसभा क्षेत्र 01 मनेंद्रगढ़ के भाग संख्या 94 भलौर, सरल क्रमांक 767 में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। 9 दिसंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी निर्वाचन कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, वापसी और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया जारी है। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 09 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। प्रशासन ने सत्यापन के लिए मैपिंग के ऑनलाइन एन्यूमरेशन फॉर्म का स्क्रीनशॉट भी प्रेस नोट के साथ संलग्न किया है।


