लहार में लापरवाही पर सचिव व पटवारी निलंबित:एसडीएम ने अतिक्रमण हटाने और स्कूल की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लेने एसडीएम लहार विजय सिंह यादव ने शनिवार को दबोह, आलमपुर और असवार क्षेत्र के छह ग्रामों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्होंने समस्याएं सुनीं और कर्मचारियों की लापरवाही पर मौके से ही सख्त कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम यादव ग्राम खुजा पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को निर्देश दिए कि वे निर्वाचन संबंधी फॉर्म समय पर बीएलओ को सौंपें, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण में ग्राम सचिव वर्षा सविता बिना सूचना अनुपस्थित पाई गईं। ग्रामीणों ने भी सचिव की लापरवाह कार्यशैली की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने जिला पंचायत सीईओ लहार सुनील दुबे को सूचना दी, जिन्होंने सचिव के विरुद्ध तत्काल निलंबन आदेश जारी किया। इसके बाद एसडीएम जलालपुरा पहुंचे, जहां पटवारी उमाशंकर नरवरिया बिना सूचना अनुपस्थित मिले। ग्रामीणों ने बताया कि पटवारी अक्सर काम से गायब रहता है। एसडीएम ने मौके से आदेश जारी कर लापरवाह पटवारी को जलालपुरा हल्के से हटाकर तहसील में अटैच किया और सुभान खान को नए पटवारी के रूप में पदस्थ किया। श्मशाम की जमीन अतिक्रमण मुक्त कराने कहा
इस दौरान ग्रामीणों ने श्मशान भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत भी रखी। एसडीएम ने जनपद सीईओ आकाश धुरवे, थाना प्रभारी असवार और ग्राम सरपंच को सात दिन के भीतर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्राथमिक विद्यालय जलालपुरा का निरीक्षण भी किया। दो शिक्षक बच्चों को पढ़ाते मिले। बच्चों ने बताया कि उन्हें नियमित मध्यान्ह भोजन मिल रहा है। एसडीएम ने समूह संचालक को निर्देश दिए कि रोजाना मीनू के अनुसार स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *