बैंकॉक में हुए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से लौटने पर 11 साल की जयपुर की बाल प्रतिभा मैक्सिमा पूनिया का शुक्रवार को जगतपुरा और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया। महल योजना के मुख्य मार्ग से शुरू हुई सम्मान यात्रा में श्री श्याम गोकुलधाम परिवार, शेखावाटी समाज परिवार समिति, ओम श्री श्याम मयूर मंडल, महल योजना D और F ब्लॉक समितियां तथा वेलकिंन एन्क्लेव विकास समिति सहित कई संगठनों ने हिस्सा लिया। डीजे, संगीत और पुष्पवर्षा के साथ निकली इस यात्रा में स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया। मैक्सिमा ने बैंकॉक में आयोजित सम्मेलन में जूनियर डेलीगेट के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। दुनिया के 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों के बीच ऑनलाइन सुरक्षा, बाल अधिकार और डिजिटल भविष्य जैसे विषयों पर भारत की सोच को प्रस्तुत करने पर उन्हें “Verbal Commendation” सम्मान मिला। उन्होंने UN-ESCAP स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आधिकारिक ब्रीफिंग में भी भाग लिया। परिवार ने बताया कि इतनी कम उम्र में वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ भारत की बात रखना समाज और बच्चों के लिए प्रेरणा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि मैक्सिमा की उपलब्धि जयपुर की उभरती प्रतिभाओं का उदाहरण है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व और वैश्विक सोच को बढ़ाने का काम करते हैं।


