डीडवाना-कुचामन जिला प्रशासन ने 1000 से अधिक सरकारी स्कूलों को भूमि के पट्टे जारी कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सरकारी स्कूलों की जमीन को कानूनी सुरक्षा प्रदान करना और उनके आधारभूत विकास को गति देना है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत और जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने संयुक्त रूप से 55 सरकारी स्कूलों के संस्था प्रधानों को पट्टे सौंपे। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. खड़गावत ने बताया कि भूमि का कानूनी अधिकार मिलने से अब स्कूल में भवन निर्माण, खेल मैदानों का विकास, कक्षा-कक्षों का विस्तार और अन्य जनसुविधाओं के कार्य बिना किसी बाधा के हो सकेंगे। इससे केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी स्कूलों को आसानी होगी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन की इस पहल के तहत अब तक 1000 से अधिक सरकारी स्कूलों को पट्टे जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले 28 अक्टूबर को कुचामन में एक ही दिन में 594 स्कूलों को पट्टे दिए गए थे। इसके बाद भी लगातार अभियान जारी रखते हुए विभिन्न ब्लॉकों में विद्यालयों को पट्टे जारी किए गए। शनिवार को 55 और स्कूलों को भूमि पट्टे मिलने के साथ ही यह संख्या 1000 के आंकड़े को पार कर गई है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रधान उपस्थित रहे। प्रशासन की यह पहल जिले के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


