डीडवाना की खुनखुना थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और रेप के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी डीडवाना जेठू सिंह (RPS) के सुपरविजन में पुलिस टीम ने इस मामले में प्रभावी कार्रवाई की। घटना 18 नवंबर 2025 को सामने आई, जब पीड़िता के पिता ने खुनखुना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी 17 नवंबर को घर से लापता हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थाना खुनखुना के थानाधिकारी मनसीराम की अगुआई में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी इनपुट, आसूचना तंत्र और निरंतर निगरानी का उपयोग करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस ने आरोपी को मौलासर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इस संवेदनशील मामले को सुलझाने में थानाधिकारी मनसीराम के साथ-साथ भजनलाल, रामकिशोर, मुकेश कुमार, कैला देवी और मौजित सहित पुलिस टीम के सभी सदस्यों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।


