खरगोन के देवली गांव में पूर्व सरपंच माया सोलंकी के घर पर फाइव स्टार बिजनस फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों ने ‘मकान बिकाऊ है’ लिख दिया। यह कार्रवाई होम लोन की किस्तें नियमित रूप से जमा न करने पर की गई है। पूर्व सरपंच माया और उनके पति दिनेश सोलंकी फिलहाल मजदूरी के लिए गुजरात गए हैं। घटना के समय उनके बेटे राहुल और जतिन मजदूरी पर बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नियां घर पर थीं। राहुल की पत्नी संतोषी ने बताया कि रिकवरी एजेंट शैलेंद्र चौहान ने कार्रवाई के दौरान गाली-गलौज की और लोन न चुकाने पर धमकाया। कंपनी कर्मचारी बिना सूचना दिए घर पहुंचे राहुल ने आरोप लगाया कि कंपनी के कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के घर पहुंचे और मकान पर ‘बिकाऊ’ लिखकर चले गए। उन्हें इसकी जानकारी शाम को पत्नी से मिली। पुलिस ने नहीं की कार्रवाई राहुल ने बताया कि शनिवार को जब वे टांडाबरूड थाने गए, तो पुलिस ने फाइनेंस मामले में हस्तक्षेप न कर उन्हें डांटा। पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय केवल एक आवेदन लिया। पुलिस ने इस वित्तीय मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। 2023 में ढाई लाख रुपए लोन लिया था जानकारी के अनुसार, मायाबाई ने फरवरी 2023 में निजी फाइव स्टार फाइनेंस कंपनी से 2.50 लाख रुपए का होम लोन लिया था। यह लोन 24.54 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर 5 वर्ष की अवधि के लिए था, जिसमें प्रति माह 6129 रुपए की किस्त चुकानी थी। माया और उनके पति दिनेश ने बताया कि स्थानीय स्तर पर रोजगार न मिलने के कारण वे नियमित रूप से किस्तें नहीं भर पा रहे थे। उनके बड़े बेटे राहुल और छोटे बेटे जतिन अपनी पत्नियों के साथ गांव में ही रहते हैं।


