स्वर्णनगरी एक्सप्रेस फलोदी पहुंची:जैसलमेर-दिल्ली ट्रेन का नगरवासियों ने किया स्वागत, आवागमन में मिलेगी सुविधा

जैसलमेर से शकूर बस्ती (दिल्ली) के लिए शुरू हुई स्वर्णनगरी एक्सप्रेस ट्रेन का फलोदी पहुंचने पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने स्वागत किया। यह ट्रेन दोपहर ढाई बजे फलोदी पहुंची। इससे पहले, सुबह 10:30 बजे जैसलमेर में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय पर्यटन मंत्री शेखावत और अन्य लोगों के आग्रह पर ट्रेन का नाम ‘जैसलमेर-शकूर बस्ती-जैसलमेर’ से बदलकर ‘स्वर्णनगरी एक्सप्रेस’ कर दिया गया था।ट्रेन के पहुंचने से पहले ही भाजपा नेता और शहरवासी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एकत्रित हो गए थे। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। उन्होंने ट्रेन के चालकों हेमंत बघेल और झूमर लाल से नीचे उतरने का आग्रह किया और उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया।इस ट्रेन के शुरू होने से जिलावासियों में भारी उत्साह है, क्योंकि उन्हें जयपुर और दिल्ली जाने के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन मिल गई है। यह सीधी कनेक्टिविटी क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ट्रेन का नियमित संचालन 1 दिसंबर से किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा नेता मेघराज कल्ला, रमेश थानवी, शिवप्रकाश पंचारिया, शिवकुमार व्यास, ओम बोहरा, सिकंदर घोसी, सौरव बोहरा, अधिवक्ता उगराराम उदाणी, कैलाश कडवासरा, अशोक सिंह राजपुरोहित, जगदीश पालीवाल, जेपी बोहरा, दिलीप नागल सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *