शादी-समारोहों के सीजन में पनीर की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर नकली पनीर की सप्लाई बढ़ गई है। रीवा फूड विभाग ने शनिवार को शहर में ढाई क्विंटल एनालॉग (नकली) पनीर जब्त किया। यह पनीर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से मंगाया था, जिसे वैवाहिक कार्यक्रमों में खपाने की तैयारी थी। दरअसल, फूड विभाग की टीम ने समान क्षेत्र स्थित स्नेह ट्रेडर्स पर छापा मारा। जांच में पैकिंग और सामग्री संदेहास्पद पाई गई। संचालक प्रमोद प्रधान ने स्वीकार किया कि यह नकली माल प्रयागराज से मंगवाया गया था, जिसकी सप्लाई शादी के आयोजनों में की जानी थी। विभाग का कहना है कि शादी सीजन में डिमांड बढ़ने पर कुछ व्यापारी मुनाफे के लिए नकली पनीर बाजार में उतार रहे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। विभाग ने पूरे स्टॉक को जब्त कर दुकान को सील कर दिया है। उन्होंने कहा कि शादी के सीजन में नकली पनीर की सप्लाई बढ़ने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई की। स्नेह ट्रेडर्स से ढाई क्विंटल एनालॉग पनीर को जब्त किया गया है, सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और दुकान को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


