झालावाड़ में आयोजित 44वीं जिला स्तरीय जूनियर खो-खो प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। इसमें बालक वर्ग का खिताब शाइनिंग क्लब ने जीता, जबकि बालिका वर्ग में मेडिकल कॉलेज की टीम विजेता रही। यह प्रतियोगिता राजकीय विजय राजे सिंधिया खेल संकुल ग्राउंड में दो दिनों तक चली। झालावाड़ जिला खो-खो संघ के देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग से 5 और बालिका वर्ग से 4 टीमों ने हिस्सा लिया। संघ के अध्यक्ष बलवीर प्रजापति और सचिव डॉ. अलीम बैग ने बताया कि समापन समारोह में जिला ओलिंपिक संघ झालावाड़ के अध्यक्ष महेंद्र कुमार अग्रवाल मुख्य मेहमान थे। बालक वर्ग का फाइनल मैच मेडिकल कॉलेज झालावाड़ और शाइनिंग क्लब के बीच खेला गया। इसमें शाइनिंग क्लब ने 12 अंक बनाए, जबकि मेडिकल कॉलेज की टीम 10 अंक ही बना सकी। इस तरह शाइनिंग क्लब ने 2 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।
वहीं, बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला शाइनिंग क्लब झालावाड़ और मेडिकल कॉलेज झालावाड़ के बीच हुआ। मेडिकल कॉलेज की टीम ने शाइनिंग क्लब को 9-6 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में विशिष्ट मेहमान रोहित गर्ग और नारायण अग्रवाल भी मौजूद रहे। अध्यक्षता जिला शारीरिक संघ प्राथमिक के अध्यक्ष बनवारी लाल परिहार ने की। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विजेता, उपविजेता तथा तीसरे स्थान पर रही टीमों को मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में सरफराज अख्तर कुरैशी, बनवारी लाल परिहार, रमेश भलवारा, अकबर खान, रविन्द्र पहाड़िया और डॉ. अलीम बैग ने निर्णायक की भूमिका निभाई।


