संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शनिवार को केडीए, पीजीसीआईएल, एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया, पीडब्ल्यूडी, आरवीपीएन एवं जेवीवीएनएल अधिकारियों के साथ कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट साईट का दौरा किया। उन्होंने एयरपोर्ट के लिए आवंटित जमीन से पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लि., जेवीवीएनएल व आरवीपीएन की विद्युत लाईनों की शिफ्टिंग से संबंधित तकनीकी समस्याओं का समाधान करते हुए लाईनों की शिफ्टिंग जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए। ताकि एयरपोर्ट के काम को गति मिल सके। उन्होंने वाइल्ड लाइफ बोर्ड और वन विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लाईन शिफ्टिंग के लिए लैंड डाइवर्जन की फॉरेस्ट क्लियरेंस की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाईन शिफ्टिंग के लिए विभिन्न स्तर पर भेजे गए प्रस्तावों के बारे में भी जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसी संयुक्त बैठक कर तकनीकी समस्याओं का समाधान करें, ताकि एयरपोर्ट निर्माण कार्य में देरी नहीं हो। संभागीय आयुक्त को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डीजीएम ए के झा ने बताया कि यहां 3200 मीटर लंबाई का डी कैटगरी का रनवे बनेगा। उन्होंने नक्शे के माध्यम से साइट पर प्रस्तावित टर्मिनल बिल्डिंग, टीसी ब्लॉक, ग्लाइड पाथ, एप्रन सहित अन्य अलग अलग कार्यों की जानकारी दी। पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लि. के डीजीएम पंकज पचौरी ने लाईन शिफ्टिंग के कार्य की अभी तक की प्रगति एवं फॉरेस्ट क्लियरेंस की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। जेवीवीएनएल व आरवीपीएन के अभियंताओं ने भी लाईन शिफ्टिंग के लिए चल रहे प्रयासों की जानकारी दी। संभागीय आयुक्त ने सभी को निर्देश दिए कि वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकर सभी तकनीकी समस्याओं को सुलझाएं और इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाएं। उन्होंने एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से करने के निर्देश दिए। केडीए सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि केडीए द्वारा प्राधिकरण के स्तर पर किए जा रहे सभी सिविल कार्य लगभग पूरे कर लिए गए हैं। विभिन्न एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर एयरपोर्ट निर्माण कार्य को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्रीनाथपुरम स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य भी देखे संभागीय आयुक्त ने एमबीएस हॉस्पिटल परिसर में बन रहे रामाश्रय के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। ओर कार्य गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। अग्रवाल ने बालाजी मार्केट स्थित यूआईटी ऑडिटोरियम जाकर वहां चल रहे फसाड, फॉल सीलिंग एवं स्टेज निर्माण कार्यों के बारे में केडीए अधिकारियों से जानकारी ली। संभागीय आयुक्त श्रीनाथपुरम स्टेडियम भी गए और वहां वॉकिंग सिंथेटिक ट्रैक, बास्केटबॉल ट्रैक सहित अन्य कार्यों को समय पर पूरे करने एवं कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। दौरे में केडीए सचिव मुकेश चौधरी, निदेशक अभियांत्रिकी, केडीए रविंद्र माथुर सहित संबंधित अभियंता साथ रहे।


