छतरपुर में दैनिक भास्कर समूह के संस्थापक स्वर्गीय रमेशचंद्र अग्रवाल की 81वीं जयंती पर रविवार को शहर के छत्रसाल चौराहा स्थित कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 22 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। स्वर्गीय अग्रवाल समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहे हैं। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया। लोगों ने बताया रक्तदान क्यों करना चाहिए शिविर में पहुंचे उमाशंकर पटेल ने कहा कि लोग अक्सर स्वास्थ्य को लेकर भ्रम में रहते हैं कि वे रक्तदान नहीं कर सकते, जबकि अस्पताल में जांच करवाकर सुरक्षित रूप से रक्तदान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि रक्त 24 घंटे में शरीर में पुनः बन जाता है, इसलिए रक्तदान से कमजोरी नहीं आती, बल्कि व्यक्ति अधिक स्वस्थ रहता है। पटेल ने अपील की कि रक्तदान से अस्पतालों में गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए लोगों को बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लेना चाहिए। वहीं, स्थानीय नितेश तिवारी ने बताया कि शिविर में युवाओं के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और किशोरों में भी रक्तदान को लेकर उत्साह देखने को मिला, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि कई बार मरीजों को रक्त न मिल पाने से उनकी जान तक चली जाती है, इसलिए ऐसे कैंप लगातार आयोजित किए जाने चाहिए। युवक ने 13वीं बार किया रक्तदान नितेश तिवारी ने अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे 13वीं बार रक्तदान कर रहे हैं और उन्हें कभी कमजोरी महसूस नहीं हुई, बल्कि नियमित रक्तदान से स्वास्थ्य बेहतर रहता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि रक्तदान से कोई बीमारी नहीं होती, बल्कि शरीर और अधिक स्वस्थ होता है।


