टीकमगढ़ में शनिवार को दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन स्व. रमेशचंद्र अग्रवाल का 81वां जन्म दिवस प्रेरणा उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिला अस्पताल टीकमगढ़ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 31 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर की शुरुआत कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने की। उन्होंने रक्तदान को ‘मानवता की सबसे श्रेष्ठ सेवाओं में से एक’ बताया। कलेक्टर ने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचा सकता है, जो दुर्घटनाओं, सर्जरी, प्रसूति, कैंसर और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए अमूल्य संजीवनी साबित होता है। पूर्व विधायक राकेश गिरी ने भी रक्तदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल दूसरों का जीवन बचता है, बल्कि नियमित रक्तदान दाता के स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। इससे शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है और हृदय रोगों का खतरा कम होता है, जो मानवता के प्रति एक बड़ा योगदान है। देशभर में शिविर लगे शिविर में महेश झा, सत्येंद्र सिंह चौहान, सागर सिंह, जावेद खान, आशीष जैन और कौशलेंद्र सिंह सहित कुल 31 लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. विकास जैन और अजय प्रजापति सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। स्व. रमेशचंद्र अग्रवाल की जनसेवा की सोच को आगे बढ़ाते हुए, दैनिक भास्कर परिवार ने 29 नवंबर को देश के 210 शहरों में 252 रक्तदान शिविर आयोजित किए। शिविर की अन्य तस्वीरें…


