देवास में टीवी इंस्टॉल के बहाने महिला को मैसेज:हिंदू संगठनों ने शोरूम बंद कराया, आरोपी गिरफ्तार

देवास में एबी रोड स्थित क्रोमा शोरूम पर शनिवार को हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एक मुस्लिम युवक द्वारा टीवी इंस्टॉल करने के बहाने एक महिला का मोबाइल नंबर लेकर उसे मैसेज भेजने के मामले में किया गया। जानकारी के अनुसार, महिला के परिवार ने एक दिन पहले क्रोमा सेंटर से एक एलईडी टीवी खरीदी थी। टीवी इंस्टॉल करने आए युवक ने महिला से जीमेल आईडी और मोबाइल नंबर लिया और फिर उसे आपत्तिजनक मैसेज भेजे। महिला ने जब अपने परिवार को इसकी जानकारी दी, तो परिजन शिकायत करने टीवी शोरूम पहुंचे। आरोप है कि वहां मैनेजर और स्टाफ ने परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इससे नाराज होकर परिजनों ने हिंदू संगठन के लोगों को सूचित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग क्रोमा सेंटर पहुंचे और विरोध जताते हुए शोरूम बंद करवा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। टीवी इंस्टॉल करने गए युवक की पहचान मोहम्मद अनस के रूप में हुई है, जो देवास के उत्तम नगर का निवासी है। वह शोरूम के सर्विस डिपार्टमेंट में कार्यरत था। बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि फरियादी परिवार की रिपोर्ट पर आरोपी अनस के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इधर, शोरूम मैनेजर उज्ज्वल ने बताया कि जानकारी मिलते ही सर्विस डिपार्टमेंट से जुड़े संबंधित व्यक्ति को टर्मिनेट कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *