मध्यप्रदेश पुलिस के अजाक एडीजी आशुतोष राय शनिवार को ग्वालियर पहुंचे। जहां उन्होंने एसपी ऑफिस स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में ग्वालियर-चंबल अंचल के अजाक पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति-जनजाति के उत्पीड़न से जुड़े मामलों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना था। एडीजी ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के तहत इन मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ित वर्ग को जल्द न्याय मिल सके। बैठक के दौरान, एडीजी राय ने अजाक से जुड़े दर्ज मामलों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि शासन द्वारा घोषित संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


