सीहोर जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के प्रत्येक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र, पीएचसी, सीएचसी, जिला चिकित्सालयों और अलग-अलग जगहों पर टीबी की फ्री जांच और स्क्रीनिंग की जा रही है। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से सीहोर जिले को टीबी मुक्त बनाने की अपील की है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के साथ ही जिले में भी 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान चलाया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि सीहोर जिला पूरे प्रदेश के सबसे पहले टीबी मुक्त जिला बने। इसके लिए जिले के हर एक नागरिक के सहयोग की जरूरत है। 2 लाख स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि जिले में 2 लाख से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है, ताकि सीहोर को जल्द से जल्द टीबी मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन निरंतर उपचार और सावधानी से इसका इलाज संभव है। इस बीमारी को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास और जन भागीदारी की जरूरत है। टीबी हारेगा, सीहोर जीतेगा कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और युवाओं से भी इस अभियान में जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर हम सभी मिलकर टीबी को खत्म करने में सहयोग करेंगे तो निश्चित ही टीबी हारेगा और सीहोर जीतेगा। साथ ही उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी को लंबे समय तक खांसी, बुखार, वजन घटने या भूख न लगने जैसी समस्याएं हों, तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। ऐसे व्यक्ति जो कभी भी किसी टीबी के मरीज के संपर्क में आए हैं, वे भी अपनी स्क्रीनिंग कराएं।


