हरदा में 20 दिनों पहले मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, करीब 20 दिन पहले ग्राम जेमलपुरा में रहने वाले लखन बंजारा (27) का एक युवक से पत्ते खेलने की बात को लेकर विवाद हो गया था। मृतक के बड़े भाई श्रवण बंजारा ने बताया कि लखन को सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। जहां से उसे इंदौर रेफर कर दिया था। इलाज के बाद ठीक होकर मृतक गांव लौट आया था, लेकिन शुक्रवार शाम को अचानक फिर से उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे हरदा के एक निजी नर्सिंग होम लाए थे। जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई है। छीपाबड़ थाना टीआई मुकेश गौड़ ने बताया कि मृतक का गांव के ही एक अन्य युवक के साथ मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था, वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के बाद वह ठीक होकर अपने गांव लौट आया था। शुक्रवार को फिर उसकी तबीयत बिगड़ गई, शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।


