मोहाली सिविल अस्पताल में ऑनलाइन मिलेगी लैब रिपोर्ट:25 लाख का खर्च, अपॉइंटमेंट सिस्टम होगा अपग्रेड, ई-हॉस्पिटल बनेगा

मोहाली सिविल अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को अब ब्लड टेस्ट और अन्य लैब रिपोर्ट के लिए लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगले एक महीने में सभी लैब रिपोर्ट्स ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। इस प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ से नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) की टीम ने अस्पताल का दौरा किया और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण किया। अस्पताल के प्रबंधन ने बताया कि मौजूदा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को अपग्रेड कर नेक्स्ट जेनरेशन ई-हॉस्पिटल सिस्टम में बदला जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 25 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। अपग्रेडेशन के बाद अस्पताल की सेवाएं अधिक तेज और डिजिटल हो जाएंगी। अस्पताल में पहले से उपलब्ध ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सिस्टम को और अधिक बेहतर किया जाएगा। इसके साथ ही ओपीडी, आईपीडी, लैब रिपोर्ट्स और डिलीवरी रिकॉर्ड जैसी सभी जानकारियां एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। मरीजों का समय बचेगा, सेवाएं होंगी तेज
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अपग्रेड किए गए सिस्टम से रिपोर्ट्स और सेवाओं की प्रक्रिया तेज होगी। मरीजों को रिपोर्ट्स प्राप्त करने और अपॉइंटमेंट्स लेने में लगने वाला समय कम होगा। यह पहल मरीजों के लिए इलाज को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाएगी। नई डिजिटल सेवाएं मरीजों और उनके परिजनों के लिए काफी फायदेमंद साबित होंगी। अस्पताल में बार-बार आने-जाने की जरूरत कम होगी, और इलाज की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकेगी। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि एक महीने के भीतर यह नई प्रणाली पूरी तरह से लागू कर दी जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *